फार्मासिस्ट की मौत से भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
पुलिस के समझाने पर अंतिम संस्कार को राजी हुए परिजन, पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अब तक न्याय | राकेश मिश्रा, तहसील प्रभारी सलेमपुर (देवरिया)
देवरिया। जिले के खामपार थाना क्षेत्र में मारपीट में गंभीर रूप से घायल फार्मासिस्ट राजू ठाकुर (28) की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को उनका शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने भींगारी बाजार में भवानी छापर-भींगारी मार्ग पर वाहन खड़े कर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खामपार थाना क्षेत्र के करौंदा मायापुर निवासी राजू ठाकुर को रविवार रात इंजेक्शन लगाने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि इसके बाद देसी शराब और बीयर की दुकान के पास उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बुधवार सुबह शव गांव पहुंचने के बाद घटना से नाराज ग्रामीणों ने भींगारी बाजार में सड़क पर वाहन खड़े कर आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे थे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बाजार में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कोतवाली सहित विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। काफी समझाने-बुझाने और कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Crime
फार्मासिस्ट की मौत से भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन