कानपुर में मकान की छत गिरने से तीन की दर्दनाक मौत
20 दिन के मासूम साहिल सहित बुजुर्ग महिला और बहू की गई जान, क्षेत्र में पसरा मातम
कानपुर नगर। डॉ. आर.सी. कमल की रिपोर्ट।
कानपुर नगर के थाना पनकी क्षेत्र के अंतर्गत पनकी आवास विकास, गंगागंज में रविवार 8 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। लालू शुक्ला पुत्र स्वर्गीय दयाशंकर शुक्ला के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय मकान के कमरे में लालू शुक्ला की 70 वर्षीय मां चिंती, 25 वर्षीय बहू अंशिका तथा महज 20 दिन का मासूम बेटा साहिल मौजूद थे। अचानक मकान की कच्ची छत गिरने से तीनों मलबे में दब गए। उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। उपलब्ध सूचना के अनुसार एसडीएम, डीसीपी, विधायक सुरेंद्र मैथानी तथा पूर्व सभासद दिनेश वाजपेयी सहित अन्य लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ दिन पहले नवजात के आगमन की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।
डॉ. आर.सी. कमलकानपुर नगर संवाददाताराष्ट्रीय हिंदी दैनिक अब तक न्यायताकि सच जिंदा रहे
State
कानपुर में मकान की छत गिरने से तीन की दर्दनाक मौत