सीतापुर में बीएसए का ताबड़तोड़ निरीक्षण, कई विद्यालयों में मिलीं खामियां
कहीं गंदगी तो कहीं कर्मचारी मिले अनुपस्थित, कई पर कार्रवाई के निर्देश
बृजेश मिश्रा | सीतापुर।
सीतापुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 28 अक्टूबर को गोंदलामऊ और मछरेहटा विकासखंड के कई परिषदीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में साफ-सफाई, शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों की पढ़ाई, मध्याह्न भोजन और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति परखी गई। निरीक्षण में कई विद्यालयों में गंदगी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति मिलने पर नोटिस जारी करने तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत सुबह 9 बजे कम्पोजिट विद्यालय गोपालपुर पश्चिमी, विकासखंड गोंदलामऊ से हुई। यहां प्रार्थना सभा में बच्चों को नियमित यूनिफॉर्म पहनकर आने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली गई।
सुबह 9:55 बजे प्राथमिक विद्यालय पुरैनी, विकासखंड मछरेहटा में परिसर गंदा मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक हरदीप वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराकर एक सप्ताह में फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट देने को कहा गया। बच्चों से हिंदी के शब्द और गणित के सवाल भी हल करवाए गए।
सुबह 10:27 बजे कम्पोजिट विद्यालय अनोगी गढ़ी में भी साफ-सफाई का अभाव मिला। प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में सुधार के निर्देश दिए गए। सफाई व्यवस्था के लिए ग्राम प्रधान और डीपीआरओ से भी वार्ता की गई। निरीक्षण के दौरान शिक्षामित्र समीक्षा सिंह के उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से जाने और सूचना मिलने पर वापस आने का मामला सामने आया। इस प्रकरण में समीक्षा सिंह और प्रदीप अनोगी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
सुबह 11:21 बजे कम्पोजिट विद्यालय कुचलाई में चारों ओर झाड़ियां और गंदगी मिलने पर प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार का वेतन रोकने तथा एक सप्ताह में सफाई कराकर फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। दोपहर 12:47 बजे पूर्व माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मावली में अनुदेशक वेदिका अनुपस्थित पाई गईं। यहां बच्चों से हिंदी की कविता भी सुनी गई।
दोपहर 1:08 बजे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निरीक्षण में एफटीटी नेहा लोधी, उपासना गौतम तथा रसोइया उषा देवी और पूनम शुक्ला अनुपस्थित पाई गईं। संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। अन्य कमियों को दूर कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से भी वार्ता की गई।
दोपहर 1:48 बजे प्राथमिक विद्यालय जरीगंवा प्रथम में शिक्षामित्र कुसुमा देवी समय से पहले विद्यालय से जा चुकी थीं। इस पर उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
दोपहर 2:29 बजे प्राथमिक विद्यालय गोपौली में प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष मिश्रा अनुपस्थित पाए गए। उपस्थित शिक्षामित्र ने उनके चाचा की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। विद्यालय में मल्टीपल हैंडवॉश यूनिट में पानी नहीं आ रहा था और परिसर में गंदगी मिली। कक्षा-कक्ष के बाहर कूड़ा जमा होने से जहरीले जीव-जंतुओं के प्रवेश की आशंका भी जताई गई। समस्या के समाधान के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को एसडीएम से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह में सुधारात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित देने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन, नियमित उपस्थिति और बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। संबंधित विद्यालयों को निर्धारित समय में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
बृजेश मिश्राब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर
Education
सीतापुर में बीएसए का ताबड़तोड़ निरीक्षण, कई विद्यालयों में मिलीं खामियां